नाहन/देवेन्द्र कुमार – पांवटा साहिब के ग्राम पंचायत अमरकोट के ग्राम गोंदपुर में नए पटवार वृत व नए राजकीय प्राथमिक पाठशाला गोंदपुर का शुभारम्भ किया गया।बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि गोंदपुर में पटवार वृत खुल जाने से अमरकोट पंचायत तथा निहालगड़ पंचायत के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा की अमरकोट पंचायत के लोगों को इससे पहले तारूवाला पटवार सर्कल जाना पड़ता था। सर्कल में एरिया अधिक होने की वजह से असुविधा का सामना भी करना पड़ता था।
इसी प्रकार निहालगड़ के लोगों को अपने कार्यों के लिए अजोली जाना पड़ता था। अब इन दोनों पंचायतों का एक पटवार सर्कल बनने से इन पंचायतों के लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा उनके कार्य भी शीघ्र होंगे।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि गोंदपुर में राजकीय प्राथमिक पाठशाला खुलने से पहले बच्चों को पढ़ाई के लिए लगभग अढाई किलोमीटर दूर तारूवाला जाना पड़ता था। सड़क पर यातायात अधिक होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता था, परंतु अब उन्हें घर द्वार पर यह सुविधा उपलब्ध होगी।
