मंडी/परी शर्मा: देश में बढ़ रही बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई व भ्रष्टाचार के विरोध में देशव्यापी आवाहन पर माकपा मंडी सदर कमेटी ने सेरी चांदनी में धरना प्रदर्शन किया। माकपा ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते समस्याओं को हल नहीं किया तो आने वाले समय में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। माकपा सचिव सुरेश सरवाल ने बताया कि देश की मौजूदा सरकार ने जो वादे युवाओं के साथ किए थे उन्हें पूरा करने में पूरी तरह से विफल रही है । दूसरी तरफ महंगाई लगातार बढ़ रही है।
खाद्य वस्तुओं, रसोई गैस व पेट्रोल डीजल के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। इन सभी के पीछे केंद्र सरकार की गलत नीतियां हैं, जिसके कारण यह महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी कम करें और पेट्रोल डीजल को सस्ते दामों में देश की जनता को दे। रसोई गैस के दाम भी बढ़े हैं उन्हें भी कम किया जाए। उन्होंने कहा कि देश में भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर बढ़ रहा है। सरकारी नौकरियों में धांधली हो रही हैं या पेपर लीक हो रहे हैं। इससे साबित होता है कि देश और प्रदेश की सरकार आम जनमानस को राहत देने में असफल साबित हुई है।
