बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: 5 अक्टूबर को बिलासपुर दौरे पर पहुंच रहे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। वीरवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वय सारी तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए बिलासपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिलासपुर में पहुंचकर रैली स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित जिला प्रशासनिक अधिकारी व अन्य भाजपा के नेता भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में अधिकारियों के साथ बैठक भी की व सारी तैयारियों का निरीक्षण भी किया।
आपको बता दें कि शाम के समय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सारी व्यवस्थाओं की जांच करने के लिए बिलासपुर एम्स में पहुंचे। यहां पर उन्होंने पहुंचकर सारी व्यवस्थाएं जांची। 5 अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर एम्स का विधिवत रूप से शुभारंभ करने जा रहे हैं। इसी के साथ वह बिलासपुर में बने हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का भी शुभारंभ करेंगे। वही इन सारी व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश सरकार व प्रशासनिक अमला पूरी तरह से व्यस्त हो गया है। बिलासपुर एम्स का शुभारंभ करने के बाद प्रधानमंत्री बिलासपुर नगर के लुहनू घाट में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा का कहना है कि इस विशाल जनसभा में 1 लाख से अधिक लोगों के आने की पूरी तरह से संभावना है। वही रैली स्थल में एक लाख से अधिक कुर्सियां भी लगाए जा रहे हैं।
