ब्रेक फेल होने के बाद करीब 200 मीटर तक दौड़ा वाहन, दो कारों को मारी टक्कर; एक नाले में गिरी
मंडी ,धर्मवीर -:मंडी जिले के बालीचौकी में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया, जब यात्रियों से भरा एक ट्रैवलर अचानक ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गया। वाहन में 10 यात्री सवार थे। चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए ट्रैवलर को सड़क किनारे मौजूद लेंटर से टकराकर रोक दिया। इस दौरान रास्ते में खड़ी दो कारें भी वाहन की चपेट में आ गईं। हादसे में किसी के घायल होने या जानी नुकसान की सूचना नहीं है।जानकारी के मुताबिक ट्रैवलर सुबह खणी से बालीचौकी की तरफ जा रहा था। पुरानी पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ने लगा। अचानक हुई इस घटना से वाहन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई।चालक ने स्थिति को संभालने की पूरी कोशिश की।
बताया जा रहा है कि उसने करीब 200 मीटर तक वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। ऐसे में चालक ने किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए ट्रैवलर को सड़क किनारे मौजूद लेंटर से टकराने का फैसला किया। टक्कर के बाद वाहन रुक गया और उसमें सवार सभी यात्रियों की जान बच गई।
हालांकि, ट्रैवलर के लेंटर से टकराने के दौरान वहां खड़ी दो कारें भी इसकी चपेट में आ गईं। इनमें से एक कार सड़क से नीचे नाले में जा गिरी, जबकि दूसरी कार क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर बालीचौकी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैवलर के ब्रेक फेल होने को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। चालक की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया और 10 यात्रियों की जान बच गई।
