मंडी/परी शर्मा: मंडी के पड्डल मैदान में शुक्रवार को अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गई। पहले दिन भर्ती में युवाओं ने जबरदस्त जज्बा दिखाया और पूरे जोश के साथ भाग लिया। अग्निवीर भर्ती के पहले दिन पधर, लडभरोल, औट और छतरी तहसीलों के कुल 1576 युवाओं ने भाग लिया। अग्निवीर रैली को उप महानिदेशक ब्रिगेडियर मनोज कुमार और जिला उपायुक्त ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि अग्निवीर भर्ती रैली 9 अक्तूबर तक चलेगी। इसमें मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले के युवा भाग ले रहे है।
पहले दिन कई उम्मीदवार बिना शपथ पत्र के पहुंचे
निदेशक, आर्मी भर्ती कार्यालय मंडी-कर्नल अविनाश नाथ, ने बताया कि अग्निवीर भर्ती में पहले दिन कई उम्मीदवार बिना शपथ पत्र के पहुंचे, जिसके बिना उन्हें भर्ती में भाग लेने की अनुमति नहीं मिली लेकिन जिला प्रशासन के साथ एआरओ ने उम्मीदवारों की सहायता के लिए रैली ग्राउंड में नोटरी की सेवाएं प्रदान कीं । जिसके चलते युवाओं को अग्निवीर भर्ती में प्रवेश की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवारों को एक बार फिर से सूचित किया जाता है कि वे रैली मैदान में प्रवेश के लिए मूल 10वी कक्षा मार्कशीट, बोनाफाइड सर्टिफिकेट, एफिडेविट और एडमिट कार्ड कॉपी लेकर आएं। उन्होंने कहा कि अग्निविर भर्ती में चयनित सभी उम्मीदवारों का मेडिकल टेस्ट लिया जा रहा है।
जोगिन्द्रनगर और धर्मपुर के युवाओं के लिए कल होगी भर्ती
कल अग्निवीर भर्ती में जोगिन्द्रनगर और धर्मपुर के लगभग 2300 युवा भाग लेंगे और 2 अक्टूबर को मंडी जिले की कुछ अन्य तहसीलों के साथ मुख्य रूप से सरकाघाट, बालीचौकी, निहरी, संधोल और भद्रोटा के लगभग 2200 युवा भाग लेंगे।
