शिमला। MY Bharat शिमला एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में सेंट थॉमस स्कूल, शिमला में ‘विकसित भारत युवा संवाद – Know Your Vote’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में MY Bharat शिमला के जिला युवा अधिकारी विपिन कुमार, भारतीय खेल प्राधिकरण के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर (वॉलीबॉल) एवं हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर, शिलारू के प्रभारी अंकुश कटोच, यूथ आइकन ओशिन शर्मा तथा स्कूल की प्रधानाचार्या शेरोन नंदा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के युवा पर्यटन क्लब के समन्वयक सुरेंद्र शर्मा ने भी आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान यूथ आइकन ओशिन शर्मा ने ‘Know Your Vote’ विषय पर विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार का महत्व समझाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।वहीं, अंकुश कटोच ने युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल, योग और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा नशे, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में लोकतांत्रिक शपथ दिलाई गई, जिसमें विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

