राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश में चुनावी उद्घोष के बीच अपनी सरकार के कार्यकाल के अंतिम पड़ाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश के तूफानी दौरे पर है। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश भर में शिलान्यास और लोकार्पण करजनता को करोड़ो की सौगात दे रहे हैं। शुक्रवार को भी मुख्यमंत्री ने ऊना सदर विधानसभा में 200 करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास व उद्घाटन किए। उन्होंने 20 विकास कार्यों के उद्घाटन और 6 विकास कार्यों के शिलान्यास भी यहां किए। इस अवसर पर केंद्रीय खेल व सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर , प्रदेश के कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर , वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती और उद्योग निगम के उपाध्यक्ष रामकुमार भी उपस्थित रहे । उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि कांग्रेस छोड़ो यात्रा के अभियान पर निकली है।
इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक तरफ जहां प्रदेश में अपनी सरकार के 5 साल के कार्यकाल में किए गए विकास कार्य और उपलब्धियों का जिक्र किया। वहीं उन्होंने कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं को भी अपने निशाने पर लिया । मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए इसके बावजूद कांग्रेसी नेताओं के एक के बाद एक लगातार कांग्रेस छोड़ने को आधार बनाकर कांग्रेस पर तंज कसा।
मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके , उन्होंने राहुल गांधी के कुछ समय पूर्व आटे को लीटर में गिने जाने वाले बयान के माध्यम से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर तंज कसा । मुख्यमंत्री ने इसी बहाने राहुल गांधी के ज्ञान पर पूरे भारत को संशय होने का इशारा किया । उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी को दोबारा मत देकर विजयी बनाने की अपील भी की ।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में चुनावी उद्घाटन व शिलान्यास के कांग्रेस के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश में विकास कार्यों का सिलसिला भारतीय जनता पार्टी की सरकार में निरंतर जारी रहने का दावा करते हुए दोबारा सरकार बना कर फिर से जारी रहने का दावा किया। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस के नेताओं के बयानों की परवाह नहीं किए जाने की भी बात कही । मुख्यमंत्री ने मंडी से आश्रय शर्मा की ओर से कांग्रेस छोड़े जाने पर भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस में त्यागपत्र का दौर और भी आगे जारी रहने का दावा किया । उन्होंने देश को डूबोने वाली कांग्रेस के स्वयं डूबने पर लोगो को संतोष होने का दावा किया ।
इस अवसर पर केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए कांग्रेस की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महिलाओं का अपमान किए जाने का आरोप लगाया ।
