अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस का के उम्मीदवार घोषित होने के बाद से कई विधानसभा क्षेत्रों से बगावत के सुर बुलंद हो चुके हैं। टिकट की चाह रखने वाले उम्मीदवार टिकट न मिलने पर विरोध पर उतर आए हैं। ऐसा ही विरोध हमीरपुर में भी कांग्रेस में देखने को मिल रहा है जहां प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य आशीष शर्मा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। 48 घंटे के भीतर ही उन्होंने इस्तीफा दिया है और अब वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
बताया जा रहा है कि आशीष शर्मा ने टिकट फाइनल करने को लेकर पार्टी हाईकमान से बात की थी, लेकिन शनिवार दोपहर 12 बजे तक टिकट फाइनल न होने पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के समक्ष युवा नेता आशीष शर्मा ने कांग्रेस को जॉइन किया था। वीरवार को उन्होंने कांग्रेस जॉइन की थी और शुक्रवार को ही उन्होंने कांग्रेस के बैनर तले ही हजारों की भीड़ जुटा कर नामांकन पत्र दायर किया था। इस दौरान एक लिस्ट भी टिकट को लेकर हमीरपुर के साथ ही पूरे हिमाचल में वायरल हो गई। इस सूची को वायरल करार देते हुए पार्टी हाईकमान ने टिकट की तमाम संभावनाओं को नकार दिया था।
वहीं यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से जल्द ही टिकट आवंटन को लेकर फैसला कर दिया जाएगा। इस असमंजस के चलते आखिरकार आशीष शर्मा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। आशीष शर्मा ने कहा कि उन्हें कांग्रेस की तरफ से ऑफर मिला था जिस वजह से उन्होंने पार्टी को ज्वाइन किया था लेकिन पार्टी हाईकमान ने शुक्रवार को भी टिकट को लेकर असमंजस रखा। कांग्रेस पार्टी के बैनर तले नामांकन पत्र दाखिल करने के निर्देश हाईकमान ने दिए थे और शाम 4 बजे तक आधिकारिक घोषणा करने की बात कही थी। पार्टी हाईकमान के विश्वास पर उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया था लेकिन अब टिकट लेने के बजाए वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
