शिमला (एकता): कश्मीर के बारामुला में आतंकी मुठभेड़ में हिमाचल के जवान की शहीद होने की खबर सामने आई है। बता दें कि शहीद कुलभूषण शिमला जिले की तहसील कुपवी के गौंठ गांव के रहने वाले थे। कश्मीर के बारामुला जिले के सीरी इलाके के वनसीरन तारीपोरा जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान बुधवार को मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, जबकि गोलीबारी में सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान कुलभूषण मांटा घायल हो गए। जैसे ही उन्हें अस्पताल ले जाया गया, वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। चिनार कोर ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सेना पूरे परिवार के साथ खड़ी है।
बेटे की शहादत से परिवार गम में डूबा
इकलौते बेटे की शहादत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कुलभूषण अपने माता-पिता की इकलौता चिराग था। शहादत की सूचना के बाद उपमंडल कुपवी का प्रशासन उनके घर के लिए रवाना हो गया है। शहीद का ढाई महीने का बेटा है। वह वर्ष 2014 में सेना में भर्ती हुए थे और 26 वर्ष की आयु में उन्होंने जम्मू कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए राइफलमैन कुलभूषण मांटा ने शहादत हासिल की है। गांव के लोगों ने बताया कि वह बहुत की नेक दिल इंसान थे। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका दाह संस्कार किया जाएगा।
