शाहपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम, मुख्यमंत्री ने किया 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का लोकार्पण
स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की उपलब्धता 35 से बढ़ाकर 70 प्रतिशत की : सुक्खू
कांगड़ा-: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कांगड़ा जिला के शाहपुर में 11.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरों की क्षमता वाले नागरिक अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें उपचार के लिए दूरदराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने और आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य क्षेत्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें व्यापक स्तर पर सुधार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य संस्थानों में स्वीकृत पदों के मुकाबले महज 35 प्रतिशत कर्मचारी उपलब्ध थे। वर्तमान सरकार ने इस स्थिति में सुधार करते हुए डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल और तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता को बढ़ाकर लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंचाया है।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए सरकार भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दे रही है। जल्द ही अतिरिक्त सहायक स्टाफ नर्सों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा डॉक्टरों के 400 पद पहले ही भरे जा चुके हैं। प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ अस्पतालों में विशेषज्ञ सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए गए हैं। इनमें चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सरकार का लक्ष्य इन संस्थानों को और सुदृढ़ कर लोगों को उनके घरों के नजदीक बेहतर उपचार उपलब्ध करवाना है।इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने अस्पताल भवन के निर्माण के लिए 11.50 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से शाहपुर में पुलिस थाना और आईटीआई का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के अन्य विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।कार्यक्रम में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, विधायक सुरेश कुमार, एपीएमसी कांगड़ा अध्यक्ष निशु मोंगरा, राज्य वूल फेडरेशन अध्यक्ष मनोज ठाकुर, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. गोपाल बेरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

