संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एक बार फिर से हिंसक झड़प छात्र संगठनों के बीच में हुई है। यह हिंसक झड़प एबीवीपी और एसएफआई के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हैं।
झड़प में दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं और दो कार्यकर्ता घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें इलाज के लिए रिपन अस्पताल ले जाया गया है। काफी समय से कैंपस का माहौल शांतिपूर्ण चल रहा था लेकिन आज सुबह ही दोनों छात्र संगठनों के बीच किसी बात को लेकर यह तनाव पैदा हुआ जिसके बाद दोनों संगठनों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कैंपस में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है, फिलहाल दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं की हरकतों पर नजर रखी जा रही है।
इस झड़प का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिसमें छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के हाथों में हथियार दिखाई दे रहे हैं। दिखाई दे रहा है कि किस तरह से छात्र संगठनों के यह कार्यकर्ता एक दूसरे की जान लेने पर उतारू है। वहीं, कुछ कार्यकर्ता कैंपस में लोहे की रॉड और डंडें लेकर भी पहुंचे हुए हैं।
समरहिल चौक पर हुई कहासुनी
जानकारी के मुताबिक समरहिल चौक पर एबीवीपी और एसएफआई के कार्यकर्ताओं में कहासुनी हुई। इसके बाद आर्ट्स ब्लॉक के बाहर कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। छात्र संगठनों ने एक दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
