संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से अपनी 10 गारंटियों में से पहली गारंटी ओपीएस की बहाली को पूरा करने के बाद अब दूसरी गांरटी को पूरा करने की भी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। अपनी दूसरी गारंटी के तहत कांग्रेस ने प्रदेश की महिलाओं को प्रति माह 15 सौ रुपए देने का वादा किया था। अपने इस वादे के तहत अब कांग्रेस प्रदेश की 8 लाख 21 हजार महिलाओं को यह राशि प्रति माह देने वाली हैं।
कांग्रेस ने महिलाओं को सत्ता में आने से पूर्व महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने का वायदा किया था,जिसको लेकर कैबिनेट सब कमेटी की बैठक स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कैबिनेट मंत्री चंद्र कुमार और अनिरूद्ध सिंह व विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री धनीराम शांडिल ने बताया कि प्रदेश की 22 लाख 40 हजार 492 महिलाओं में से, 8 लाख 21 हजार को हर माह 1500 सौ रुपए प्रति माह देने पर विचार किया गया हैं। इस गांरटी में नौकरी पेशा, टैक्स अदा करने वाली और पहले से ही पेंशन योजना में कवर होने वाली महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि इससे सालाना 5 सौ से 6 सौ करोड़ का अतिरिक्त बोझ सरकार पर पड़ेगा। हालांकि एक सप्ताह बाद फिर बैठक इस मामले को लेकर होगी जिसमें सारी स्थिति इस गारंटी को लेकर सपष्ट होगी।
