मंडी : धर्मवीर -एक महीने के अंतराल के बाद नगर परिषद जोगिंदर नगर की अध्यक्ष व उपाध्यक्ष कुर्सी को फिर से पुराने चेहरे नसीब हो गए हैं। बुधवार को नगर परिषद जोगिन्दर नगर में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद रिक्त पड़े इन दोनों पदों के लिये चुनाव करवाया गया।
मतदान प्रक्रिया के पूर्ण होने पर प्रेरणा ज्योति अध्यक्ष व अजय धरवाल को उपाध्यक्ष पद के लिये निर्वाचित हुए।अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन पत्र प्रेरणा ज्योति का दाखिल हुआ। नामांकन पत्र की जांच करने के बाद प्रेरणा ज्योति को निर्विरोध अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए दो पार्षदों अजय और राजीव कुमार ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किये। नामांकन पत्रों की जांच के उपरान्त उपाध्यक्ष पद के लिए गुप्त मतदान करवाया गया। जिसमें अजय कुमार को चार जबकि राजीव कुमार को तीन मत पड़े। इस तरह अजय कुमार को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
एसडीएम जोगिन्दर नगर कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि नगर परिषद जोगिन्दर नगर में रिक्त हुए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पदों को भरने के लिये आज चुनाव करवाया गया। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव में आज नगर परिषद के सभी सातों निर्वाचित पार्षदों ने भाग लिया। जिनमें वार्ड एक से ममता कुमारी, वार्ड दो से राजीव कुमार, वार्ड तीन से प्रेरणा ज्योति, वार्ड चार से शिखा, वार्ड पांच से प्यार सिंह, वार्ड छह से अजय तथा वार्ड सात से शिला शामिल हैं। भविष्य में नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद की शपथ के लिए जो भी तारीख तय की जाएगी उसी दिन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
दूसरी बार नगर परिषद में लाया गया था अविश्वास प्रस्तावः
जनवरी 2021 में हुए शहरी निकाय के चुनावों में नगर परिषद जोगिंद्रनगर के 7 वार्डों वाली इस नगर परिषद में 4 कांग्रेस समर्थित पार्षद जीतकर आए थे। कांग्रेस समर्थित ममता कपूर अध्यक्ष और अजय धरवाल उपाध्यक्ष बने थे। लेकिन एक वर्ष के भीतर ही इन दोनों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। एक कांग्रेस समर्थित पार्षद ने भाजपा का साथ दे दिया और आजाद चुनाव जीती प्रेरणा ज्योति अध्यक्ष जबकि प्यार चंद उपाध्यक्ष बन गए। इनका कार्यकाल भी एक साल ही चल सका। अब सत्ता परिवर्तन के साथ ही इन्हें भी अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ा। मात्र दो वर्षों के कार्यकाल में जोगिंदर नगर नगर परिषद में दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। बीते महीने 11 अप्रैल को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। इस प्रस्ताव के पास होने से अध्यक्ष और भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष को कुर्सी से हाथ धोना पड़ा था। 1 वर्ष के अंतराल के बाद नगर परिषद जोगिंदर नगर की उपाध्यक्ष की कमान कांग्रेस पार्षद के हाथों में होगी। आजाद चुनाव जीती प्रेरणा ज्योति अध्यक्ष के पद पर ही काबिज रहेगी।
