विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छुट्टी का दिन होने के चलते हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शनों के लिए चिंतपूर्णी पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे प्रशासन के इंतजाम नाकाफी दिखे जिसके कारण श्रद्धालुओं को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
बता दें कि पिछले रविवार के मुकाबले इस रविवार श्रद्धालुओं की तादाद में काफी वृद्धि देखी गई जिसके कारण सुबह 10:30 बजे ही श्रद्धालुओं की डबल लाइन लुधियाना धर्मशाला क्रॉस कर गई। वहीं दूसरी ओर लिफ्ट वाली साइड पर बाबा श्री माई दास सदन से पास बनाकर बुजुर्ग और दिव्यांगों को दर्शन करने की अनुमति दी गई। इसके अलावा श्रद्धालुओं की लाइनों में घुसने की शिकायतें आती रही।
मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि भारी भीड़ के आगे व्यवस्था बनाने के लिए वह खुद भी मौके पर डटे रहे और इसके अलावा उन्होंने कहा की श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बाजार में टेंट और पीने की पानी की सुविधा का इंतजाम श्रद्धालुओं के लिए किया गया था।
