राहुल चावला,धर्मशाला:धर्मशाला डाईट कालेज के बाहर मंगलवार को जेबीटी धारकों ने सरकार की ओर से बैच बाईज की गई जेबीटी भर्ती में बीएड धारकों को स्थान देने पर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के साथ ही जेबीटी प्रशिक्षुओं ने कक्षाओं का बहिष्कार भी किया। जेबीटी धारकों का कहना है कि बीएड भर्ती में बीएड धारकों को ही रखना था तो उनके समय को क्यों खराब किया गया। उनका कहना है कि जेबीटी भर्ती में बीएड धारकों को सम्मिलित करने का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और हाल ही में शिक्षा विभाग की ओर से बीएड धारकों को जेबीटी भर्ती में पात्रता देने का निर्णय लिया गया हैं जो सही नहीं है।
जेबीटी यूनियन के प्रदेश महासचिव जगदीश मंडयाल का कहना है कि शिक्षा विभाग ने बैच बाईज जेबीटी की जो भर्ती की है उसमें जेबीटी धारकों को कोई स्थान नहीं दिया गया है, जबकि इसमें बीएड धारकों को ही रखा गया हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से सुप्रीम कोर्ट के फैंसले का भी इंतजार नहीं किया गया जो अगले महीने आने वाला हैं। जगदीश मंडयाल ने कहा कि अगर जेबीटी भर्ती में बीएड वालों को ही रखना था उनके समय को क्यों खराब किया गया।
उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी उन्हें आश्वासन ही मिला था। अब कांग्रेस सरकार से भी उन्हें आश्वासन ही मिल रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में जेबीटी धारकों को स्थान दिया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी मांग को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य के समक्ष भी रखा हैं।
