मंडी : धर्मवीर (TSN)- मंडी जिला के सिविल अस्पताल सुंदरनगर में 10 करोड़ से अधिक की लागत से बन रहे आवासीय परिसर का निर्माण कार्य पैसों की कमी के कारण बीते 9 महीनों से रूका हुआ है। पूर्व की भाजपा सरकार के दौरान वर्ष 2018 में इस आवासीय परिसर का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था। लेकिन 5 वर्ष बीत जाने के बावजूद इस आवासीय परिसर का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
आवासीय परिसर में डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए 40 क्वार्टर बनाए जा रहे हैं। सुंदरनगर से भाजपा के विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि आवासीय परिसर का निर्माण इस उद्देश्य से करवाया जा रहा है ताकि अस्पताल के मरीजों को विशेषज्ञ डाक्टरों की सेवाएं 24 घंटे प्राप्त हो सके। लेकिन मौजूदा सरकार ने आगामी बजट न जारी करके इस कार्य को रोक दिया है जोकि सुंदरनगर की जनता के साथ सरासर अन्याय है। सरकार इसके लिए जल्द से जल्द बजट जारी करे और इस निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए।सिविल अस्पताल सुंदरनगर के प्रभारी डॉ. चमन सिंह ठाकुर ने बताया कि सिविल अस्पताल सुंदरनगर में आवासीय भवन के निर्माण को लेकर 10 करोड़ 60 लाख से अधिक के बजट की प्रशासनिक मंजूरी है। अभी तक निर्माण कार्य के लिए 2 करोड़ से अधिक की राशि लोक निर्माण विभाग के पास जमा करवा दी गई है। आवासीय परिसर का 35 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य के लिए पैसों की कमी चली हुई है, जिसको लेकर उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। बजट आने के बाद कार्य पूरा हो पाएगा।
