शिमला : चन्द्रिका (TSN)-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार पर कई सवाल दागे हैं । उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सरकार के नेता अब सरकार द्वारा लिए गए लोन की सफाई देने पर आ गए हैं,पर वह भी ठीक तरह से दे नहीं पा रहे हैं ।
भाजपा ने पूछा…आपने जनता को क्या दिया?
राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा ने एक आरटीआई लगाई थी जिसमें खुलासा हुआ था की सरकार बनने के बाद अक्तूबर माह तक हिमाचल सरकार ने 10300 करोड़ का ऋण लिया है। उसके बाद 800 करोड़ का ऋण और ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार 1000 करोड़ रुपए प्रतिमाह की औसत से ऋण ले रही है और इसके हिसाब से 5 साल में 60000 करोड़ का ऋण यह सरकार लेगी। राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि यह ऋण बिना किसी काम को करें लिया जा रहा है, ना अस्पताल खोले, ना दफ्तर खोले, ना स्कूल खोले, ना कोई संस्थान खोले, ना कुछ विकास हुआ और ना कोई गारंटी पूरी हुई तो ऋण किस बात का। राजीव बिंदल ने कहा कि सवाल यह नहीं है कि आपने कितना लोन लिया,सवाल यह है कि अपने 1500 संस्थान हिमाचल प्रदेश में बंद किये उसका औचित्य क्या था, अभी तक आपने यह जनता को स्पष्ट नहीं किया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सुबाथू में एक कॉलेज को पहले आपने अपने कार्यक्षेत्र में लिया और उसके बाद उसको बंद कर दिया। यह कैसी व्यवस्था परिवर्तन है । भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस सरकार से सवाल पूछा कि आपने जनता को क्या दिया? क्या आपने कोई पीएचसी खोली? कॉलेज, स्कूल, पटवारखाना खोला? क्या आपने एक भी नई सड़क का निर्माण किया ? तो आपकी सरकार कर क्या रही है?
