ऊना:राकेश (TSN)- हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्र में जहां बरसात भारी कहर बरसा रही है,वहीं मैदानी क्षेत्र में भी बरसात से नुक्सान हो रहा है।प्रदेश के ऊना जिले में अभी तक की बारिश से अकेले लोक निर्माण विभाग को डेढ़ से दो करोड़ की क्षति पहुंची है।यहां देश के तीन निर्माणाधीन प्रतिष्ठित ड्रग पार्क में से एक की तरफ जाने वाली कुछ सड़कों के कई स्थानों पर टूटने से इस हानि का आकलन किया गया है।बता दें कि यह बहुत अहम सड़कें हैं और ड्रग पार्क के कारण भविष्य में इनका महत्व और अधिक बढ़ने वाला है ।
वहीं ड्रग पार्क के भीतर भी लोक निर्माण विभाग द्वारा 42 करोड़ की अनुमानित लागत से लगभग 8 किमी लंबी सड़कें बनाई जाएंगी।यह सड़कें अत्याधुनिक रूप से बेहतरीन बनाई जाएंगी ताकि उद्योगों को भी बेहतर आधारभूत ढांचा मिल सके और भारी संख्या में उद्योग यहां आएं और साथ ही प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर रोजगार मिल सके।इसके अलावा लोक निर्माण विभाग ऊना में पंडोगा त्युडी पुल का निर्माण कर रहा है,जिस पर लगभग 50 करोड़ का खर्च आएगा।वहीं कई अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स भी ऊना जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जा रहे हैं।
