हमीरपुर,अरविन्द सिंह (TSN)-ग्राम पंचायत ऊखली के तहत आने वाले भगोट गांव में बंदरों के झुंड ने एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा ह.मला कर दिया।अपने मकान की छत पर कपड़े सुखने के लिए डाल रही बुजुर्ग महिला पर अचानक बंदर टूट पड़े तथा दांतों से इसके शरीर पर गहरे घाव कर दिए।बुजुर्ग महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिजन पहुंचे तो बंदरों ने इस बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया था। परिजनों ने डंडों के माध्यम से बंदरों को डरा कर किसी तरह बुजुर्ग महिला को उनके चंगुल से छुड़ाया।इसके बाद बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए ले जाया गया।बंदरों के हमले में बुरी तरह से घायल हुई महिला बिस्तर पर है।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर भी जड़े आरोप
ग्रामीणों का यह भी दावा है कि पहले भी ऐसे कई हमले बंदर कर चुके हैं लेकिन अवगत करवाने के बावजूद वन विभाग की तरफ से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। अब हालात ऐसे हैं कि बंदरों की तादाद बढ़ गई है तथा यह जानलेवा हमला कर रहे हैं। बुजुर्ग महिला की पीठ तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर काफी गंभीर तथा गहरे घाव हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में यह बंदर किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम दे सकते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार सुबह के समय बंदरों को यहां से पकड़ कर नसबंदी के लिए ले जाया गया लेकिन शाम को ही यहां लाकर छोड़ दिया गया। यदि इन सब की नसबंदी की गई थी तो फिर उनकी जनसंख्या में वृद्धि कैसे हुई। ग्रामीणों का कहना है कि दिन प्रतिदिन इनकी तादाद क्षेत्र में बढ़ती जा रही है।
ग्रामीण विनोद कुमार का कहना है कि वह इस समस्या के बारे में हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी कंप्लेंट कर चुके हैं। बंदरों की तादाद क्षेत्र में बढ़ती जा रही है जो की चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मचारियों को भी कई बार अवगत करवाया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
