मंडी, धर्मवीर– हिमाचल प्रदेश में चिट्टे जैसे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से 13 नवंबर को मंडी में एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा। सूबे के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करने जा रहे हैं। सीएम सुक्खू के प्रस्तावित दौरे व कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो आईजी विमल गुप्ता मंडी पहुंचे और जिला के अधिकारियों के साथ पड्डल मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान डीसी मंडी अपूर्व देवगन, एसपी मंडी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। आईजी विमल गुप्ता ने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा की और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर आईजी विमल ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने प्रदेश सरकार के द्वारा चिट्टे के खिलाफ छेड़ी गई इस मुहिम में जनता से सक्रिय सहयोग की भी अपील की है।
वहीं, डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि 13 नवंबर को प्रस्तावित इस कार्यक्रम के तहत मंडी शहर में जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके माध्यम से आम जनता, विशेषकर युवाओं को चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा और चिट्टा मुक्त हिमाचल की भी शपथ दिलाई जाएगी। आगे उपायुक्त ने कहा कि इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं और विभिन्न विभागों के सहयोग से इसे सफल बनाया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि चिट्टे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूती मिल सके।
