शिमला,12दिसंबर-हिमालयन ब्रह्मो समाज शिमला ने कुछ लोगों द्वारा संस्था की संपत्तियों को बेचने और उपहार स्वरूप स्थानांतरित करने पर एफआईआर दर्ज की है.संस्था के महासचिव विशाल शर्मा,मेला राम सगरोली,महिंदर कुमार और हरीश कुमार के द्वारा बालुगंज पुलिस स्टेशन,शिमला में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
इस एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 468, 471, 442, 423, 476, 480, 506 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।संस्था के महासचिव विशाल शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन व्यक्तियों ने हिमालयन ब्रह्मो समाज शिमला के नाम पर जाली प्रस्ताव बनाकर संस्था की संपत्तियों को बेचा और उपहार स्वरूप स्थानांतरित किया और इस धोखाधड़ी के जरिए करोड़ों रुपये का गबन भी किया है।ट्रस्टी धर्मपाल ठाकुर ने कहा कि न्याय पाने के लिए उन्होंने पूर्व में मुख्यमंत्री हिमाचल समेत बहुत सारे राजनीतिक और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भी दिए हैं जिसकी सुनवाई नहीं हुई।विशाल शर्मा ने पुलिस विभाग के बड़े अधिकारी पर भी आरोप लगाए हैं कि उन्होंने उनकी बेटी को अवैध रूप से हिरासत में लिया। इसकी शिकायत एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को की गई जिनके द्वारा जांच करने पर सभी आरोप सत्य पाए गए, लेकिन पुलिस ने अब तक अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की है. उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि ब्रह्मो समाज शिमला के मन्दिर में सुबह शाम दोनो समय निर्विघ्न ब्रह्म उपासना करने में सहयोग करे।
