चम्बा। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब भरमौर विधानसभा क्षेत्र की बसु कुंडी-सुनारा सड़क पर अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा अचानक सड़क पर गिर गया, लेकिन सौभाग्यवश इस दौरान कोई वाहन वहां से गुजर नहीं रहा था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ स्थानीय लोगों ने समय रहते खतरे को भांप लिया और सतर्कता दिखाते हुए ट्रैफिक को रोक दिया। इसके कुछ ही क्षणों बाद पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चार-पांच मिनट तक धूल का गुबार, सड़क पूरी तरह अवरुद्ध
भूस्खलन की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहाड़ से गिरे मलबे ने चार से पांच मिनट तक धूल का घना गुबार हवा में फैला दिया। मलबा करीब 500 मीटर नीचे नाले तक जा पहुंचा है। फिलहाल बसु कुंडी-सुनारा सड़क पूरी तरह से बंद हो चुकी है और यातायात प्रभावित हो गया है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
स्थानीय प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते हुए लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही सड़क से मलबा हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
मानसून से पहले भूस्खलन, भू-सुरक्षा पर उठे सवाल
हिमाचल में भूस्खलन आमतौर पर मानसून के दौरान भारी बारिश के चलते होते हैं, लेकिन भरमौर में मानसून की शुरुआत से पहले ही भूस्खलन की यह घटना चिंता बढ़ाने वाली है। इससे इलाके की भूवैज्ञानिक स्थिरता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में और अधिक सतर्कता की मांग करती हैं। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और यात्रियों से अपील की है कि वे पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें, विशेषकर बरसात से पहले और बाद के महीनों में।
