Una, Rakesh-:कांग्रेस के पूर्व विधायक सतपाल रायज़ादा ने भाजपा विधायक सतपाल सती द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर आज जिला मुख्यालय पहुंचकर डीसी को ज्ञापन सौंपा। मीडिया से बात करते हुए रायज़ादा ने कहा कि आशु पूरी मर्डर केस के दौरान होटल को लेकर विधायक सती ने उनके ऊपर ग़लत तरीके से पैसे के लेनदेन और वेश्यावृत्ति का अड्डा चलाने जैसे आरोप लगाए, जो पूरी तरह निराधार और झूठे हैं।
होटल की 15 दिन की CCTV फुटेज देकर निष्पक्ष जांच की मांग
रायज़ादा ने बताया कि अपनी निष्कपटता और पारदर्शिता साबित करने के लिए उन्होंने अपने होटल की 15 दिनों की CCTV फुटेज डीसी को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि होटल में लगे 26 कैमरों की रिकॉर्डिंग जांच के लिए प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि होटल में कौन-कौन आया, कहाँ बैठा और क्या गतिविधियां हुईं। पूर्व विधायक ने कहा कि वह चाहते हैं कि निष्पक्ष जांच हो और यह स्पष्ट किया जाए कि होटल में कोई भी अवैध गतिविधि नहीं होती।पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा विधायक सती द्वारा लगाए गए आरोपों ने उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने साफ किया कि सती को यह साबित करना होगा कि उनके आरोप सही हैं। वहीं, उन्होंने दावा किया कि वे स्वयं यह सिद्ध करेंगे कि आरोप पूर्णतः झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं।
इसके साथ ही रायज़ादा ने डीसी कार्यालय के बाहर फोटो स्टेट की दुकान के अलॉटमेंट को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि दुकान का एग्रीमेंट विधायक सतपाल सती के नाम पर है और निर्धारित नियमों के अनुसार वहाँ केवल फोटो स्टेट का ही काम हो सकता है, उसे न तो आगे शिफ्ट किया जा सकता है और न किसी अन्य कार्य के लिए उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुकान का ग्रांटर सती का रिश्तेदार है, इसलिए इस पूरे मामले की भी प्रशासन द्वारा जांच होनी चाहिए।रायज़ादा ने कहा कि जो लोग दूसरों को चोर कहते हैं, पहले उन्हें खुद को भी जनता के सामने साफ साबित करना चाहिए।
