Dharamshala, Rahul-:भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने हिमाचल प्रदेश मानव विकास रिपोर्ट 2025 के आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस सरकार पर कांगड़ा जिले के साथ घोर अन्याय, राजनीतिक भेदभाव और विकास की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट कांग्रेस शासन की नीतियों की सच्चाई उजागर करती है।
त्रिलोक कपूर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को शिमला में जारी की गई इस रिपोर्ट में कांगड़ा जिला मानव विकास सूचकांक (HDI) में प्रदेश के सभी 12 जिलों में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गया है। कांगड़ा का HDI स्कोर 0.695 दर्ज किया गया है, जबकि सोलन (0.880) और लाहौल-स्पीति जैसे जिले विकास के मामले में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांगड़ा को योजनाबद्ध तरीके से विकास से वंचित रखा गया।भाजपा प्रवक्ता ने धर्मशाला में आयोजित ‘कांगड़ा विंटर कार्निवल 2025’ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब सरकारी रिपोर्ट स्वयं कांगड़ा को आर्थिक और मानव विकास में पिछड़ा बता रही है, तब इस तरह के आयोजन जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास हैं। उनके अनुसार, यह जश्न विकास का नहीं बल्कि कांगड़ा की बदहाली को ढकने का माध्यम बन गया है।
त्रिलोक कपूर ने यह भी आरोप लगाया कि कार्निवल के नाम पर व्यापारियों, छोटे दुकानदारों और स्थानीय संस्थाओं से कथित तौर पर जबरन सहयोग और चंदा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर जिले की आय और रोजगार के अवसर घट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।उन्होंने कहा कि 2025 की प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे कांगड़ा को पर्याप्त राहत और पुनर्वास देने के बजाय कांग्रेस सरकार राजनीतिक आयोजनों और दिखावे पर ध्यान दे रही है। त्रिलोक कपूर ने चेतावनी दी कि कांगड़ा की जनता इस भेदभाव और उपेक्षा का जवाब आने वाले समय में अवश्य देगी।
