Dharamshala, Rahul-:धर्मशाला में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से कांगड़ा वैली कार्निवल का आयोजन 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक किया जा रहा है। इस भव्य उत्सव का शुभारंभ 24 दिसंबर को पारंपरिक शोभा यात्रा के साथ होगा, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुलिस मैदान धर्मशाला पहुंचेगी।
जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का कार्निवल खास तौर पर संगीत, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के अनूठे संयोजन के लिए जाना जाएगा। पुलिस मैदान में आयोजित होने वाले इस आयोजन में ड्रोन शो, आकर्षक आतिशबाजी, हॉट एयर बैलून, मैराथन, स्ट्रीट थिएटर, खेल प्रतियोगिताएं और बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
सांस्कृतिक संध्याओं में देश-विदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। केरल का बहुशैली थाई कुडम बैंड अपनी अनोखी ताल और सुरों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। इसके अलावा बॉलीवुड गायक अंकित तिवारी, सूफी गायक कंवर ग्रेवाल और पंजाबी गायक बब्बू मान अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्निवल में चार चांद लगाएंगे। 28 दिसंबर की सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह हिमाचली कलाकारों को समर्पित रहेगी, जिसमें प्रदेश की लोक संस्कृति और पारंपरिक कला की झलक देखने को मिलेगी।कार्निवल के दौरान मिलेट्स फेस्टिवल, क्राफ्ट बाजार और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देंगे। जिला प्रशासन द्वारा पूरे आयोजन की लाइव स्ट्रीमिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस उत्सव से जुड़ सकें।कांगड़ा वैली कार्निवल न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि धर्मशाला को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर और मजबूत पहचान भी दिलाएगा।
