हमीरपुर, अरविन्द -: हमीरपुर जिले के लिए गर्व की बात है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत इंस्पायर मानक योजना में 78 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। यह योजना भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित की जाती है, जिसका उद्देश्य स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना है। चयनित छात्रों को कुल 7.80 लाख रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
इस योजना के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को 10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने वैज्ञानिक मॉडल और नवाचार संबंधी विचारों को साकार रूप दे सकें। यह पहल छात्रों को प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ने और उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।चयनित विद्यार्थी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे और आगे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौत्तम ने इस उपलब्धि पर छात्रों और उनके शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को अपने नवाचारी विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।चयनित विद्यार्थियों में 40 सरकारी और 38 निजी स्कूलों के छात्र शामिल हैं, जिनमें 49 छात्राएं और 29 छात्र हैं। यह आंकड़ा जिले में बेटियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
TAGGED:
Hamirpur Inspire Manak Yojana
Chandrika
