मंडी, धर्मवीर -:छोटी काशी मंडी के भव्य देव समागम यानी शिवरात्रि महोत्सव में हर वर्ष देव अनुमति से भव्य देव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। यह बात डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने आज सर्व देवता समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कही।
डीसी मंडी ने कहा कि सर्व देवता समिति, देव समाज और सभी की सहमति के बाद पड्डल मैदान के चारों ओर सीढ़ियों पर देवी-देवताओं के बैठने की व्यवस्था की गई थी जिसे देव भ्रमण श्रृंखला का नाम दिया गया था। इस व्यवस्था को सभी ने खूब सराहा है और इसे इसी तरह से जारी रखने की बात कही जा रही है। इसलिए यही निर्णय लिया गया है कि हर वर्ष देव अनुमति और सभी की सहमति से इस भव्य देव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। ताकि देवी-देवताओं के बैठने की भी उचित व्यवस्था हो सके और जो श्रद्धालुओं दर्शनों के लिए आते हैं उन्हें भी सुगमता से दर्शन हो सकें। उन्होंने शिवरात्रि के भव्य आयोजन में मिले सहयोग लिए आभार भी जताया।
सर्व देवता समिति ने इस बार देव भ्रमण श्रृंखला सहित शिवरात्रि के भव्य आयोजन के लिए डीसी मंडी को सम्मानित भी किया। सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिव पाल शर्मा ने कहा कि डीसी मंडी के प्रयासों से शिवरात्रि में पहली बार देवी-देवताओं के बैठने की उचित व्यवस्था हो पाई है और इस पंरपरा को अब जारी रखा जाएगा। उन्होंने डीसी मंडी और प्रदेश सरकार को देवी-देवताओं को सामुदायिक भवनों व सरायों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाने पर भी आभार जताया। उन्होंने बताया कि डीसी मंडी के प्रयासों से अभी तक 9 स्थानों पर भूमि स्वीकृत हो चुकी है जबकि 43 मामलों पर प्रक्रिया जारी है।
TAGGED:
Mandi Dev Tour series
Chandrika
