Summer express,धर्मशाला, राहुल –धर्मशाला नगर निगम के रोस्टर के जारी होने के बाद सियासी माहौल गरमाने लगा है। कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने अपनी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर आशावाद व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में भी कांग्रेस का दबदबा कायम रहेगा
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि पिछले दस वर्षों से नगर निगम में कांग्रेस की पकड़ मजबूत रही है और इस बार भी पार्टी शानदार प्रदर्शन कर सत्ता में आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि रोस्टर का जारी होना चुनावी प्रक्रिया का अहम हिस्सा है और इससे पारदर्शिता सुनिश्चित होती है, जिससे जनता का विश्वास और भी मजबूत होता है।
पूर्व मेयर ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे शहर के समग्र विकास के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करें। उनका मानना है कि धर्मशाला जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन और सांस्कृतिक शहर के विकास में सभी को मिलकर काम करना चाहिए।उन्होंने कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी हमेशा विकास के लिए काम करती है और जनता के हितों को सर्वोपरि रखती है। इस कारण जनता का विश्वास लगातार कांग्रेस के साथ बना हुआ है। जग्गी ने दावा किया कि आगामी चुनावों में नगर निगम में कांग्रेस का ही मेयर और डिप्टी मेयर चुना जाएगा।कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि धर्मशाला की जनता किसे अपना समर्थन देती है। फिलहाल, कांग्रेस का आत्मविश्वास मजबूत और उसकी चुनावी रणनीति स्पष्ट नजर आ रही है।
