शिमला, संजू -: विश्व पर्यावरण दिवस पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को प्रकृति ने अनमोल उपहारों से नवाजा है।यहां के घने वन, स्वच्छ नदियां, हिमाच्छादित पर्वत और समृद्ध जैव विविधता प्रदेश की पहचान हैं। इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखना है।सीएम सुक्खू ने लोगों से प्रकृति के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता विकसित करने का आग्रह करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के लोगों के सहयोग से हिमाचल प्रदेश पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श राज्य बन सकता है।
