चिंतपूर्णी, विकास-: धार्मिक नगरी चिंतपूर्णी के ओल्ड बस स्टैंड क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था की खराब स्थिति स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। यहां सीवरेज चेंबर के बार-बार जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रही इस परेशानी से आसपास के व्यापारियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि संबंधित सीवरेज चेंबर पहले भी कई बार ब्लॉक हो चुका है। विभाग की ओर से हर बार अस्थायी रूप से सफाई कर समस्या का समाधान किया जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। उनका आरोप है कि स्थायी समाधान न होने के कारण उन्हें बार-बार इसी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।दुकानदारों के अनुसार सीवरेज का गंदा पानी दुकानों के सामने से गुजरते हुए कई बार भीतर तक पहुंच जाता है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा पूरे दिन फैली रहने वाली बदबू के कारण दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है। इस स्थिति से ग्राहक भी दुकानों की ओर आने से कतराने लगे हैं, जिससे कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।राहगीरों को भी सड़क पर फैले गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में हालात और अधिक खराब हो सकते हैं। स्थानीय व्यापारियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि केवल अस्थायी मरम्मत करने के बजाय सीवरेज प्रणाली की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का निवारण नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
