मंडी, धर्मवीर-:भारत विकास परिषद, सुंदरनगर की ओर से सिविल अस्पताल, सुंदरनगर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति प्रेरित करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम सुंदरनगर अमर सिंह नेगी ने शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने भारत विकास परिषद की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर मनाली स्वीट्स के प्रबंध निदेशक सुरेन्द्र सेन, समाजसेवी दलीप सेन तथा उमेश गौतम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उनके सेवा भाव की प्रशंसा की और ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।भारत विकास परिषद, सुंदरनगर के अध्यक्ष शिवांश सोनी ने कहा कि परिषद सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा के कार्य निरंतर करती रहेगी। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया तथा युवाओं से नियमित रक्तदान कर मानवता की सेवा में भागीदार बनने का आह्वान किया।
शिविर के सफल संचालन में परिषद के महासचिव संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष करण अग्रवाल सहित परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
