नूरपुर/संजीव महाजन-: पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 274 ग्राम कमर्शियल मात्रा की हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में पंजाब के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का मानना है कि मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई को सीआईए स्टाफ नूरपुर की टीम थाना डमटाल क्षेत्र में गश्त और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि अमृतसर (पंजाब) से एक स्विफ्ट कार (PB06U-7122) में तीन व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर भदरोआ, कंडवाल और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई के लिए आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने भदरोआ स्थित वन विभाग विश्राम गृह के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध वाहन को रोककर नियमानुसार तलाशी लेने पर पीछे की सीट पर बैठे आरोपी कुनाल अरोड़ा के स्लिंग बैग से 274 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर नशीला पदार्थ और वाहन दोनों को कब्जे में ले लिया।इस संबंध में थाना डमटाल में एफआईआर संख्या 116/2026, दिनांक 8 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 25 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय कुनाल अरोड़ा निवासी अमृतसर, 26 वर्षीय हैरी निवासी बटाला (जिला गुरदासपुर) तथा 37 वर्षीय मोहित कुमार निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
