ऊना, राकेश -: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के नंगल खुर्द में नेस्ले इंडिया और एस.एम. सहगल फाउंडेशन के सहयोग से एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत हरोली विकास खंड के छह गांव—नंगल कलां, नंगल खुर्द, गोंदपुर जयचंद, हरोली, दुलैहड़ और बाथड़ी—में जल संरक्षण, स्वच्छता, कृषि, पोषण, शिक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इससे 9 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 2,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे बल्क ड्रग पार्क की पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी इसी वर्ष सितंबर में आयोजित करने की तैयारी चल रही है।उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आधारभूत ढांचे से जुड़े लगभग 1,000 करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुछ लोग परियोजना को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं, लेकिन सरकार इसे हर हाल में साकार करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बल्क ड्रग पार्क से क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।उपमुख्यमंत्री ने नेस्ले इंडिया के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि टाहलीवाल स्थित कंपनी का संयंत्र पिछले 16 वर्षों से क्षेत्र के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से टाहलीवाल इकाई के विस्तार का आग्रह करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग देगी। साथ ही उन्होंने सीएसआर योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप संचालित करने पर भी जोर दिया।
