बिलासपुर, सुभाष -: जिला परिषद सदस्य (नम्होल वार्ड) सुरभि ठाकुर ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए राज्यपाल को चार अलग-अलग ज्ञापन भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नम्होल क्षेत्र में सुरक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और खेल सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना आवश्यक है।
पहले ज्ञापन में सुरभि ठाकुर ने नम्होल चौक और मलोखर चौक पर हाईमास्ट फ्लड लाइटें स्थापित करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि नम्होल वार्ड की 13 पंचायतों में बिजली कटौती के दौरान रात के समय अंधेरा छा जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है तथा दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है।दूसरे ज्ञापन में उन्होंने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और डेयरी विकास के लिए विशेष योजनाएं एवं सब्सिडी उपलब्ध करवाने की मांग की। उनका कहना है कि समय पर खाद उपलब्ध होने से खेती प्रभावित नहीं होगी, जबकि जैविक खेती और डेयरी को प्रोत्साहन मिलने से किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि को भी मजबूती मिलेगी।तीसरे ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र में खेल मैदानों के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए पर्याप्त खेल सुविधाएं नहीं हैं, जबकि खेल मैदान बनने से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और वे सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित होंगे।चौथे ज्ञापन में सुरभि ठाकुर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नम्होल और मलोखर में रिक्त पड़े डॉक्टरों के पदों को जल्द भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की कमी के कारण स्थानीय लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।सुरभि ठाकुर ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के माध्यम से संबंधित विभाग इन जनहित के मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करेंगे, जिससे नम्होल क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
