ज्वालामुखी, कपिल -: विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना के साथ प्रसिद्ध ज्वाला देवी शक्तिपीठ में नौ दिवसीय गुप्त नवरात्र अनुष्ठान का शुभारंभ विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के विधायक संजय रतन ने मंदिर पहुंचकर परंपरा के अनुसार मंदिर के पुजारियों एवं ब्राह्मणों को संकल्प दिलाकर धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ कराया।
गुप्त नवरात्र के दौरान शक्तिपीठ में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन-यज्ञ और मां ज्वाला के विशेष श्रृंगार का आयोजन किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि तथा राष्ट्र की उन्नति के लिए प्रार्थना करेंगे।इस अवसर पर मंदिर के पुजारी कपिलमुनि ने बताया कि गुप्त नवरात्र साधना, तंत्र एवं शक्ति उपासना का विशेष पर्व माना जाता है। उन्होंने कहा कि ज्वाला देवी शक्तिपीठ में हर वर्ष विश्व कल्याण, प्राकृतिक संतुलन और समस्त मानवता के मंगल की कामना से विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे श्रद्धा और आस्था के साथ मां ज्वाला के दर्शन कर पूजा-अर्चना में सहभागी बनें तथा समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार का संकल्प लें।मंदिर प्रशासन के अनुसार गुप्त नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से मां के दर्शन कर सकें।
