ऊना, राकेश-: ऊना शहर के पुराने वार्डों में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में नगर निगम के वार्ड नंबर 5, 6, 7, 8 और 11 के लोगों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। लोगों का कहना है कि दिन और रात के समय बार-बार बिजली गुल होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार पूरी रात बिजली नहीं रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, मरीजों को होने वाली परेशानी, बुजुर्गों की दिनचर्या और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
उनका कहना है कि इन वार्डों में आबादी और बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन अब भी कई स्थानों पर कम क्षमता वाले पुराने ट्रांसफॉर्मर लगे हैं, जो अधिक लोड के कारण बार-बार ओवरलोड होकर बिजली आपूर्ति बाधित कर रहे हैं।लोगों ने बिजली शिकायत केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि रात 10 बजे के बाद शिकायत दर्ज कराने के लिए कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहता। ऐसे में रात के समय आने वाली शिकायतों का समाधान नहीं हो पाता और उपभोक्ताओं को पूरी रात बिजली संकट का सामना करना पड़ता है।ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने मांग की कि पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों को जल्द उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों से बदला जाए, बिजली शिकायत केंद्र में 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
