हमीरपुर, अरविंद-: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व मीडिया पैनलिस्ट शगुन दत्त शर्मा ने भाजपा द्वारा कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड दौरे पर उठाए गए सवालों को अनावश्यक बताया है। उन्होंने कहा कि रजनी पाटिल एक अनुभवी राजनीतिक व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में लंबा कार्यकाल निभाया है और संयुक्त राष्ट्र में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनका अनुभव व्यापक है, इसलिए उनका शिक्षा बोर्ड दौरा पूरी तरह औपचारिक और शिक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से था।
शगुन दत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा बिना किसी ठोस मुद्दे के इस दौरे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि कांग्रेस ने हमेशा शिक्षा को राजनीति से ऊपर रखा है, जबकि भाजपा सरकारों पर शिक्षा संस्थानों में मनोनयन और नियुक्तियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि डॉ. राजेश शर्मा के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड लगातार सुधार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष बोर्ड ने रिकॉर्ड समय में परीक्षा परिणाम घोषित किए हैं और नई शिक्षा नीति के अनुरूप परीक्षा प्रणाली में कई सुधार लागू किए जा रहे हैं। साथ ही बोर्ड कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं।शगुन ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र अपेक्षित प्रगति नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के प्रयासों से हिमाचल ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत की है और राज्य फिर से अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
