चिंतपूर्णी,विकास -:श्रावण अष्टमी मेले से पहले चिंतपूर्णी में सीवरेज व्यवस्था की स्थिति चिंता का विषय बन गई है। धार्मिक नगरी में कई जगह सीवरेज चैंबर ब्लॉक होने के कारण गंदे पानी की समस्या सामने आ रही है। मंदिर के गेट नंबर एक के पास सीवरेज लीकेज की शिकायत है, जबकि गेट नंबर तीन के पास सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।गेट नंबर तीन के पास हालात सबसे ज्यादा खराब नजर आ रहे हैं। सड़क पर बह रहे गंदे पानी के कारण श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सीवरेज के पानी से उठ रही दुर्गंध ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
चिंतपूर्णी में इन दिनों माता रानी के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर क्षेत्र के आसपास सीवरेज की समस्या श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने संबंधित विभाग से सीवरेज चैंबरों की नियमित सफाई करवाने और बार-बार हो रही ब्लॉकेज की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि श्रावण अष्टमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।वहीं, जल शक्ति विभाग के एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि कई स्थानों पर सीवरेज चैंबर ब्लॉक होने की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कल भी लिफ्ट वाली साइड पर ब्लॉक हुए चैंबर को खोल दिया गया था।एसडीओ के मुताबिक, कुछ लोग अपने टैंकों का गंदा पानी पंप के जरिए सीवरेज पाइपलाइन में छोड़ रहे हैं, जिसके कारण बार-बार ब्लॉकेज की समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि शनिवार को गेट नंबर तीन के पास सामने आई सीवरेज की समस्या का भी जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
