सोलन, भूपेंद्र-: सोलन शहर में शनिवार को हरियाली तीज का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर सोलह श्रृंगार किया और व्रत रखकर भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। विभिन्न स्थानों पर तीज से जुड़े विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रमों में महिलाओं ने सावन के गीतों पर नृत्य और गायन प्रस्तुत कर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान तीज क्वीन, मेहंदी, नृत्य तथा अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने कहा कि सावन का महीना हरियाली, प्रेम और भगवान शिव-पार्वती की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। हरियाली तीज न केवल धार्मिक आस्था का पर्व है, बल्कि महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत रखने का अवसर भी प्रदान करता है।इस अवसर पर महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती से परिवारों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।उन्होंने कहा कि हरियाली तीज हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा पर्व है, जिसे मिल-जुलकर मनाने से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है।
