Summer express/शिमला-:ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को मशोबरा विकास खंड स्थित राज्य पंचायत संसाधन केंद्र में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और अधिकारियों को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।इस अवसर पर अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पंचायत प्रतिनिधियों का तकनीकी रूप से दक्ष होना ग्रामीण विकास को प्रभावी गति देने के लिए आवश्यक है। डिजिटल स्टूडियो के माध्यम से उन्हें नवीनतम डिजिटल उपकरणों और तकनीकों की जानकारी प्रदान की जा सकेगी। उन्होंने स्टूडियो की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों से इसकी कार्यप्रणाली और उपयोग को लेकर जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं से भी संवाद किया और प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उनके सुझाव सुने।उन्होंने बताया कि डिजिटल स्टूडियो का निर्माण कार्य नवंबर 2025 में शुरू किया गया था और करीब आठ माह में अगस्त 2026 में इसे पूरा कर लिया गया। स्टूडियो का उपयोग उच्च गुणवत्ता वाली प्रशिक्षण एवं संचार सामग्री तैयार करने, रिकॉर्डिंग, उत्पादन और प्रसार के लिए किया जाएगा।यहां ऑनलाइन प्रशिक्षण, वेबिनार, वीडियो कॉन्फ्रेंस, विशेषज्ञ व्याख्यान, साक्षात्कार, जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण सत्रों की लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के लिए ई-लर्निंग और डिजिटल प्रशिक्षण मॉड्यूल भी तैयार किए जाएंगे।स्टूडियो के माध्यम से विभाग की वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के लिए ऑडियो-विजुअल सामग्री तैयार की जा सकेगी। मंत्री ने कहा कि यह सुविधा राज्य पंचायत संसाधन केंद्र को एक प्रभावी डिजिटल लर्निंग एवं कम्युनिकेशन हब के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

