चंबा,मंजूर पठान -:हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चंबा-चुराह-किलाड़ मार्ग को राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक परियोजना का दर्जा मिलने के बाद चुराह विधानसभा क्षेत्र और पांगी घाटी के लोगों में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों ने इस फैसले के लिए राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, स्थानीय विधायक डॉ. हंसराज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग के बेहतर होने से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आवागमन को नई गति मिलेगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पांगी घाटी में हर साल सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के कारण कई महीनों तक आवागमन प्रभावित रहता है। ऐसे में चंबा-चुराह-किलाड़ मार्ग को रणनीतिक परियोजना में शामिल किए जाने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि मार्ग के बेहतर होने से पांगी घाटी के हजारों लोगों को चंबा पहुंचने में होने वाली परेशानियों में कमी आएगी।वहीं, स्थानीय युवाओं ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। युवाओं का कहना है कि सड़क सुविधा बेहतर होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापार को भी लाभ पहुंचेगा। लंबे समय से इस मार्ग के सुधार की मांग की जा रही थी और अब इसे रणनीतिक परियोजना का दर्जा मिलने से लोगों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण और सुधार कार्य में तेजी आएगी।स्थानीय युवाओं ने राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन और विधायक डॉ. हंसराज का आभार जताते हुए कहा कि बेहतर सड़क सुविधा से चुराह और पांगी क्षेत्र के लोगों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही, रोजगार और पर्यटन के नए अवसर पैदा होने की संभावना भी बढ़ेगी।
