स्थानीय मरीजों को अब नजदीक ही मिलेगा मनोचिकित्सकीय परामर्श और उपचार
कांगड़ा,संजीव महाजन -:जिला कांगड़ा के नूरपुर क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। सिविल अस्पताल नूरपुर में अब मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध हो गई है। मनोचिकित्सक डॉ. सीमान्त मल्होत्रा ने अस्पताल में अपना कार्यभार संभाल लिया है। विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती के बाद मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, नींद की समस्या और अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार और चिकित्सकीय सलाह मिल सकेगी।
सिविल अस्पताल नूरपुर में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मनोचिकित्सक की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे नूरपुर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई बार मरीज और उनके परिजन समय पर डॉक्टर से सलाह नहीं ले पाते। इसके पीछे अस्पताल की दूरी, जागरूकता की कमी और सामाजिक झिझक जैसे कारण भी सामने आते हैं। ऐसे में स्थानीय अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता मरीजों के लिए उपचार तक पहुंच आसान बना सकती है।

