राहुल चावला, कांगड़ा-:पूर्व मंत्री और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया का मंगलवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। बुधवार को उनके पार्थिव शरीर का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से शाहपुर सहित कांगड़ा और पूरे हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी ने मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक शाहपुर क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और प्रदेश की राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि मनकोटिया का जाना एक अनुभवी नेता और मार्गदर्शक का चले जाना है। उनके निधन से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गहरा दुख पहुंचा है।सरवीन चौधरी ने कहा कि मेजर मनकोटिया ने अलग-अलग राजनीतिक दलों के साथ काम किया और विभिन्न चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि शाहपुर की जनता के साथ उनका लंबे समय से जुड़ाव रहा और लोगों ने उन्हें हमेशा स्नेह और सम्मान दिया। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने भी मेजर मनकोटिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मनकोटिया कांगड़ा की राजनीति में एक मुखर आवाज के तौर पर लंबे समय तक सक्रिय रहे। सुधीर शर्मा ने उनके साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि वह करीब आठ वर्ष की उम्र से उन्हें जानते थे। उनके निधन के बाद उनसे जुड़ी कई पुरानी यादें उनके सामने आईं।सुधीर शर्मा ने कहा कि मेजर मनकोटिया ने शाहपुर और कांगड़ा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।वहीं, कांगड़ा की एसडीएम डॉ. अंजली गर्ग ने बताया कि प्रशासन की ओर से मेजर विजय सिंह मनकोटिया को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कहा कि राज्य अंतिम संस्कार से संबंधित निर्धारित दिशानिर्देशों के तहत राजकीय सम्मान प्रदान किया जाता है। अंतिम विदाई के दौरान एसडीएम कांगड़ा, एसडीएम शाहपुर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
