बिलासपुर, सुभाष- :पशुपालन विभाग बिलासपुर में पशु मित्रों के 17 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। चयन प्रक्रिया निर्धारित मापदंडों के आधार पर पूरी करने के बाद मेरिट सूची तैयार की गई और चयनित अभ्यर्थियों को इंगेजमेंट लेटर जारी कर दिए गए हैं। चयन में दसवीं कक्षा के अंकों के साथ अन्य निर्धारित मापदंडों को आधार बनाया गया। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट भी लिया गया।पशु मित्रों की नियुक्ति पार्ट टाइम आधार पर की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिदिन चार घंटे सेवाएं देनी होंगी। इसके बदले उन्हें 5,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इंगेजमेंट लेटर जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को 15 दिनों के भीतर मेडिकल करवाकर संबंधित पशु चिकित्सालय या डिस्पेंसरी में ज्वाइनिंग देनी होगी। निर्धारित अवधि में ज्वाइनिंग नहीं करने वाले अभ्यर्थी का अवसर समाप्त हो जाएगा और उनकी जगह वेटिंग लिस्ट में पहले स्थान पर मौजूद अभ्यर्थी को नियुक्ति का मौका दिया जाएगा। विभाग ने प्रत्येक स्थान के लिए अलग वेटिंग लिस्ट भी तैयार की है।
उप निदेशक पशुपालन विभाग बिलासपुर डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि 17 चयनित अभ्यर्थियों में से करीब छह अभ्यर्थी अब तक ज्वाइन कर चुके हैं। अन्य चयनित अभ्यर्थियों के पास ज्वाइनिंग के लिए निर्धारित 15 दिन की अवधि अभी शेष है।उन्होंने बताया कि पशु मित्रों की नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य विभाग की योजनाओं और सेवाओं को किसानों व पशुपालकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। स्थानीय पंचायतों और क्षेत्रों से चयन होने के कारण पशु मित्र ग्रामीणों के साथ सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे और उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी दे सकेंगे। इसके साथ ही पशुओं को पकड़ने, रेस्ट्रेनिंग तथा अन्य विभागीय कार्यों में भी पशु मित्रों की सहायता ली जाएगी।

