हमीरपुर, अरविंद-: समाज कल्याण विभाग की ओर से हमीरपुर में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद, स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों से मिलना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों ने अपने अनुभव और योगदान से समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसलिए उनकी देखभाल और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग वरिष्ठ नागरिकों के हितों और कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार बुजुर्गों से संबंधित योजनाओं, मांगों और सुझावों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष पेंशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए 65 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई।सुनील शर्मा ने बताया कि हमीरपुर के वृद्धाश्रम के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि मंजूर की जा चुकी है। साथ ही बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझा जाएगा तथा भविष्य की योजनाएं उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जाएंगी।
