ऊना/राकेश -: ऊना में भाजपा की ओर से जिला स्तरीय प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से शुरू हुए एक महीने के सेवा संकल्प अभियान के समापन पर यह सम्मेलन आयोजित हुआ। अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाया गया। सम्मेलन में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़े प्रबुद्धजन शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश शर्मा ने की, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल को सेवाकाल बताते हुए कहा कि इसी सेवा भावना से प्रेरित होकर भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान चलाया। उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और उपद्रवी तत्वों के माध्यम से माहौल खराब करने का आरोप लगाया। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस देश को अस्थिर करना चाहती है और भारत में नेपाल तथा बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी की गतिविधियों को भी इसी दिशा में उठाया गया कदम बताया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन अंतरराष्ट्रीय शक्तियों के साथ तालमेल रखती है, जो भारत की छवि खराब कर अपने हित साधना चाहती हैं। उन्होंने चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस जीतती है, वहां चुनाव प्रक्रिया सही होती है, जबकि हारने पर आयोग और ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं। बिंदल ने इसे कांग्रेस की दोहरी नीति करार दिया।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाकर उन्हें अपना वोट बैंक बनाना चाहती है। बिंदल ने कहा कि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने के लिए कांग्रेस राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का सहारा लेती है, जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

