हमीरपुर में 5.37 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में कार्रवाई, बेटे की तलाश में जुटी पुलिस
हमीरपुर, अरविंद-: जिला हमीरपुर में चिट्टा तस्करी से जुड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय महिला उर्मिला को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।मामले में महिला का बेटा अभी फरार है। पुलिस के अनुसार,आरोपी साहिल महिला के बैंक खाते में पैसे जमा करवाता था और इसके बदले महिला का बेटा उसे हेरोइन उपलब्ध करवाता था। पुलिस अब फरार बेटे की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार महिला को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई को हमीरपुर के वार्ड नंबर-10 रामनगर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों से 10.33 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने शशांक भारद्वाज निवासी गांव बड़ैहर, तहसील भोरंज, नवीन कपलेश निवासी गांव लोहारड़ा और अश्वनी कुमार निवासी गांव बरोहा, डाकघर डुग्घा को गिरफ्तार किया था।जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने बलजीत और गुरदेव को भी गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस साहिल तक पहुंची। साहिल को अणु के वार्ड नंबर-7 स्थित एक कमरे से 5.37 ग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान महिला की संलिप्तता सामने आने पर उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका बेटा अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
