हमीरपुर, अरविंद-: पहचान स्पेशल स्कूल की ओर से बचत भवन हमीरपुर में वार्षिक पारितोषिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त गंधर्व राठौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में पहुंचने पर स्कूल के विशेष बच्चों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित भी किया गया।समारोह के दौरान विशेष बच्चों ने मंच पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनका उत्साह बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्व राठौर ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को विशेष बच्चों के कल्याण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे आकर योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को उचित अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पहचान संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से विशेष बच्चों के उत्थान और विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।पहचान स्पेशल स्कूल की प्रबंधक चेतना शर्मा ने बताया कि संस्था की ओर से हर वर्ष वार्षिक पारितोषिक समारोह आयोजित किया जाता है। इसमें बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
