सोलन-: स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की सोलन जिला कमेटी ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। इस दौरान संगठन ने एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।एसएफआई सोलन के जिला अध्यक्ष राघव ने कहा कि देशभर में छात्र अपने अधिकारों और विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में एसआईआर की प्रक्रिया अवैध तरीके से कराई जा रही है, जिसका संगठन विरोध करता है। उन्होंने मांग की कि इस प्रक्रिया को जल्द रद्द किया जाए।
राघव ने आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों और महिलाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने ऐसी कार्रवाइयों की निंदा करते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान हिमाचल प्रदेश में छात्र संगठनों के बीच बढ़ते टकराव का मुद्दा भी उठाया गया। राघव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से छात्रों पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों के बीच हिंसा की घटनाएं शैक्षणिक माहौल के लिए चिंता का विषय हैं।एसएफआई जिला कमेटी ने छात्र संगठनों के बीच हिंसा पर रोक लगाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने स्पष्ट किया कि छात्र हितों, लोकतांत्रिक अधिकारों और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।

