हमीरपुर, अरविंद-धनतेरस के दिन खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के बीच हमीरपुर शहर का यातायात पूरी तरह चरमरा गया। शुक्रवार दोपहर मृदुल चौक पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने जमकर तबाही मचाई। गलत दिशा से आ रहे ट्राले ने सामने से गुजर रही पांच गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।जानकारी के अनुसार, ट्राला चालक ने गलत तरीके से वाहन निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्राले की चपेट में दो बोलेरो गाड़ियां, दो स्कूटी और एक बाइक आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल चार लोगों को तत्काल उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।हादसे के चलते मृदुल चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल करवाया। धनतेरस के कारण शहर में पहले से ही भारी भीड़ थी और लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई थी।एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि अनियंत्रित ट्राले की टक्कर से पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं और चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
